
नोएडा न्यूज लाइव : एक ओर जहां प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सड़कों के निर्माण में मानकों को पूरा करने पर जोर दे रहे हैं, सड़कों के निर्माण में बरती जा रही लापरवाही पर अधिकारियों को दंडित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यूपी के सबसे हाईटेक शहर नोएडा में एक सड़क लोगों की आंखों के सामने देखते ही देखते कई फुट नीचे धंस गई, जिससे कई लोग बाल बाल बचे। हालांकि पुलिस ने सड़क धंसने से किसी तरह का हादसा ना हो, इसके लिए बैरिकेडिंग कर दी है।
आपको बता दें कि नोएडा के एलिवेटेड रोड के नीचे सेक्टर-18 की ओर जाने वाली सड़क (मास्टर प्लान रोड नंबर-2) सेक्टर-30 के सामने सोमवार सुबह कई फुट नीचे धंस गई। सड़क उस समय धंसी जब कई स्कूल के कई वाहन वहां से गुजर रहे थे। गनीमत रही कि उस समय सड़क धंसने वाले हिस्से में कोई वाहन नहीं था। पुलिस ने जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां पर बैरिकेडिंग कर दी है। बाद में मौके पर पहुंची नोएडा प्राधिकरण की टीम ने मौके का जायजा लिया।
बताया गया कि सेक्टर-27 के मेन सीवर लाइन में लीकेज होने से मिट्टी बह गई, जिससे सड़क धंस गई। इस सड़क के धंसने की जिम्मेदारी नोएडा प्राधिकरण के सिविल विभाग ने जल विभाग पर डाल दी। विभाग के इंजीनियरों ने कहा कि सीवर लाइन में लीकेज की वजह से सड़क धंसी है। लीकेज सही करवाने के साथ जल विभाग ही सड़क सही करवएगा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में टूटी सड़कों को बनाने में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क बनाने में प्रयोग हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी अच्छी नहीं है। स्थानीय निवासियों ने इसकी शिकायत प्राधिकरण के उच्च अफसरों से की है। आरोप लगाया है कि प्राधिकरण के अफसर भी सड़क बनाने में प्रयोग हो रही सामग्री की जांच नहीं कर रहे हैं।
निवासियों ने बताया कि हाल ही में ग्रेनो वेस्ट में ला रेजीडेंसिया से निराला एस्टेट सोसाइटी के बीच सड़क का निर्माण किया गया है। सड़क को बने अभी तीन से चार दिन ही हुए हैं और यह उखड़नी शुरू हो गई है। यही हाल डीपीएस वर्ल्ड स्कूल के पास सर्विस रोड का है। वहां भी सड़क को बनाने में मानकों को पूरा नहीं किया गया है। निवासियों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय बाद ग्रेनो वेस्ट की सड़कों को बनाया जा रहा है, लेकिन उसमें भी मानकों को पूरा नहीं किया जा रहा है। ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं।