
नोएडा न्यूज लाइव : उत्तर प्रदेश के नोएडा में झुग्गी झोपड़ी बनाकर रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। खबर यह है कि नोएडा शहर से तमाम झुग्गियों को हटाया जाएगा। लेकिन खुशी की बात यह है कि नोएडा शहर से झुग्गियों को हटाने से पहले, इनमें रह रहे लोगों को पक्के घर उपलब्ध कराए जााएंगे। पक्के मकान मिलने के बाद ही शहर की झुग्गी झोपड़ियों को हटाने की कार्यवाही की जाएगी। झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के लिए सरकार की इस स्कीम को योगी सरकार का दीपावली का तोहफा माना जा रहा है।
सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ नोएडा की झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को लेकर काफी गंभीर नजर आ रहे हैं। बताया जाता है कि नोएडा शहर के विभिन्न सेक्टरों में स्थित झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के लिए सरकार द्वारा बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। जिसके तहत नोएडा में झुग्गी झोपड़ी डालकर रहने वाले लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार ने इस दिशा में काम भी शुरू कर दिया है।
बताया जाता है कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गरीबों और जरूरतमंद लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। सरकार की तरफ से यह आदेश जारी किया गया है कि ऐसे लोग जो झुग्गी झोपड़ियां में रहकर अपना जीवन यापन करते हैं, पहले उन्हें आवास की व्यवस्था कराई जाए, फिर उन्हें झुग्गी झोपड़ियां से बेदखल किया जाए। अगर किसी भी जिले में ऐसे गरीबों के उत्पीड़न या शोषण का मामला सामने आता है तो जिले के जिला अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और सख्त एक्शन लिया जाएगा।
यूपी सरकार के इस फैसले के बाद नोएडा के तमाम इलाकों में रहने वाले झुग्गी झोपड़ी के निवासियों में खुशी की लहर है।