
Noida News Live (चेतना मंच)। यूपी के नोएडा में घर से सरकारी अस्पताल दवाई लेने जा रहे एक युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने थाना सेक्टर-39 में बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम सुल्तानपुर निवासी मिलन ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसका बेटा शिवम 13 सितंबर को अपने घर से सेक्टर-128 स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दवाई लेने के लिए जा रहा था। सेक्टर-39 के गेट नंबर 1 के पास वह सडक़ पार कर रहा था। इस दौरान तेज गति में आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आस-पड़ोस के लोगों ने शिवम को उपचार के लिए नियो अस्पताल में भर्ती कराया। शिवम की बिगड़ती हालत को देखकर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान शिवम की मौत हो गई।
नोएडा के थाना सेक्टर-113 में तीन भाईयों के खिलाफ जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। ग्राम सोरखा जाहिदाबाद निवासी अब्बास ने दर्ज शिकायत में बताया कि उनके पिता दिलावर सिंह सिंह के नाम गांव में पैतृक भूमि है। पड़ोस में रहने वाले नरेंद्र शर्मा, अशोक व सेवाराम पुत्र सोहनलाल ने उनकी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है।
पीडि़त के मुताबिक 12 अगस्त को उन्होंने थाने पर आयोजित होने वाले समाधान दिवस में जमीन की पैमाइश के लिए एक प्रार्थना पत्र दिया था। इस प्रार्थना पत्र पर थाने द्वारा राजस्व विभाग की टीम द्वारा पैमाइश कराई गई तो नरेंद्र शर्मा, अशोक शर्मा व सेवाराम शर्मा द्वारा उनकी जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई। पीडि़त ने स्थानीय लेखपाल द्वारा की गई पैमाइश की छाया प्रति सहित अन्य दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराते हुए आरोपियों के खिलाफ अवैध कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। Noida News Live