एलएलबी की छात्रा को घर में घुसकर छेड़ा, विरोध करने पर पीटा
Noida News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:21 AM
नोएडा (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-142 में एलएलबी की छात्रा ने अपने सहपाठी व अज्ञात लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, गाली-गलौज व मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके परिजनों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
परिजनों के साथ भी की मारपीट
पारस टियारा सोसाइटी में रहने वाली पल्लवी (काल्पनिक नाम) ने बताया कि वह एलएलबी ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है। उसके साथ पढ़ने वाला तनवीर अहमद पुत्र राजू सरकार बीते 29 अक्टूबर की शाम को उसके फ्लैट पर पहुंचा, तनवीर अहमद ने उसे अकेला देखकर उसके साथ छेड़छाड़ कर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर तनवीर मौके से चला गया। पीड़िता के मुताबिक 30 अक्टूबर की सुबह तनवीर अहमद अपने अन्य साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। परिजनों ने जब इस बात का विरोध किया तो तनवीर अहमद और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। शोर शराबा सुनकर सोसायटी के गार्ड मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह हमलावरों से उसे तथा परिजनों को बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, गाली-गलौज घर में घुसकर मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है
दुकान मालिक के बेटे व पत्नी ने मेडिकल स्टोर की काटी बिजली
नोएडा के थाना फेस-1 में मेडिकल स्टोर संचालक ने दुकान मालिक के बेटों व पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसकी दुकान की बिजली काट दी और जनरेटर को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जनरेटर लाने पर उसे भी किया क्षतिग्रस्त
नयाबांस गांव में शिवम दवाई घर के नाम से मेडिकल स्टोर चलाने वाले कुलदीप भाटी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता जितेंद्र कुमार ने वर्ष 1998 में पगड़ी देकर चाहत राम से दुकान किराए पर ली थी। उन्हें दुकान चलाते हुए करीब 25 वर्ष से अधिक का समय हो गया है। चाहत राम के बेटे व उसकी पत्नी उनसे दुकान खाली करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। बीते 25 सितंबर को चाहत राम के बेटे अंकित मान, गौरव माना तथा उनकी पत्नी दिनेश कुमारी ने जबरन उनकी दुकान की बिजली की लाइन काट दी। बिजली की लाइन काटने पर जब वह जनरेटर लाया तो आरोपियों ने उनकी दुकान की छत पर तोड़फोड़ की और जनरेटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में अंकित मान, गौरव मान तथा दिनेश कुमारी तथा प्लंबर रमेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देशविदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिए चेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।