भगवान परशुराम का नोएडा में बनाया जाये भवन, प्राधिकरण से मांगी जमीन
Noida News
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 03:25 AM
नोएडा। भगवान परशुराम महान तपस्वी और भगवान विष्णु के अवतार हैं। परशुराम ने बाल्यकाल से ही भगवान शिव को अपना गुरु बनाया था और 5 वर्ष की आयु में ही तपस्या करने हिमालय पर्वत चले गये थे। हिन्दु धर्म की मान्यताओं के अनुसार भगवान परशुराम आज भी इसी पृथ्वी पर तपस्या में लीन हैं। भगवान परशुराम को पूजने वालों ने अब उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में उनके नाम से भवन के निर्माण के लिए संकल्प लिया है। ब्राहमण समाज का कहना है कि कोई भवन, मंदिर या परशुराम के नाम पर कोई स्थान न होने से लोग उनकी पूजा अर्चना या उनसे संबंधी कार्यक्रम एक स्थान न होने के कारण नहीं कर पा रहे हैं।
ब्राहमण समाज महासंघ ने ज्ञापन सौंपा
ब्राहमण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा. लोकेश एम से नोएडा के सेक्टर-6 स्थित प्राधिकरण कार्यालय में भेंट की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने बताया कि नोएडा में ब्राहमणों की जनसंख्या लगभग 3.5 लाख है और ब्राहमणों के आराध्य देव भगवान परशुराम का नोएडा में कोई मंदिर, भवन व शोध संस्थान आदि नहीं है। जिसके चलते ब्राहमण समाज सभी कार्यक्रमों से वंचित रह जाता है।
भूमि उपलब्ध करवाने की मांग
ब्राहमण समाज महासंघ ने प्राधिकरण के सीईओ से मांग की है कि भगवान परशुराम के नाम से भवन बनाने के लिए दो से चार हजार मीटर भूमि नि:शुल्क या रियायती दरों पर उपलब्ध करायी जाए ताकि ब्राहमण समाज अपने आराध्य देव भगवान परशुराम से जुड़े त्यौहार व कार्यक्रम एक स्थान पर एकत्र होकर मना सके।
सांसद व पूर्व अधिकारी हैं संरक्षक
भगवान परशुराम के नाम से नोएडा में भवन निर्माण की मांग करने वाले संगठन ब्राहमण समाज महासंघ के संरक्षक गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा, पूर्व आईएएस गणेश शंकर त्रिपाठी, पूर्व आईपीएस आर.के. चतुर्वेदी, उद्योगपति डा. पीयूष द्विवेदी व वरिष्ठ समाजसेवी सतीश चन्द्र मिश्रा हैं।
देशविदेश की खबरों से अपडेट रहने लिए चेतना मंच के साथ जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।