
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में सोमवार को नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने जगह जगह धर्म स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों व ध्वनि यंत्रों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए कई धर्म स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवा दिए। अभियान के दौरान नोएडा पुलिस ने 17 लोगों को नोटिस दिया है और 21 लोगों के खिलाफ धारा 107/116 के तहत कार्यवाही की है।
नोएडा पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सोमवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सोमवार की सुबह पांच से सुबह सात बजे तक कार्यवाही की गई। नोएडा पुलिस कमिश्नरी के सभी जोन में सार्वजनिक, धार्मिक स्थलों पर लगे लाउड स्पीकर/ध्वनि यंत्र के संबंध में विशेष अभियान चलाते हुए 188 सार्वजनिक/धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर चैक किये गए, जिनमें 47 लाउड स्पीकर/ध्वनि यंत्र की आवाज मानक के अनुरूप कराई गई तथा 17 लाउडस्पीकर/ ध्वनि यंत्र सार्वजनिक/धार्मिक स्थलों से उतरवाये गये। उपरोक्त अभियान के अंतर्गत 17 लोगो को नोटिस दिये गये एवं 21 लोगों के विरूद्ध धारा 107/116 के अंतर्गत सीआरपीसी की कार्यवाही की गई।