नोएडा से लखनऊ अब सिर्फ 3 घंटे दूर : बनेगा नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:14 AM
Noida News : उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने की दिशा में योगी सरकार एक और क्रांतिकारी कदम उठाने जा रही है। अब नोएडा से लखनऊ की यात्रा सिर्फ तीन घंटे में मुमकिन होगी, वो भी बिना किसी सिग्नल, बिना किसी जाम और बिना किसी रुकावट के। यह मुमकिन होगा एक नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की बदौलत, जिसकी अनुमानित लागत 45,000 करोड़ है। इस एक्सप्रेसवे के बनते ही नोएडा वालों को अपने प्रदेश की राजधानी पहुंचने में तीन घंटे का ही समय लगेगा जिससे समय की भारी बचत होगी।
8-9 घंटे की दूरी सिमटेगी तीन घंटे में
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर से लखनऊ तक की सड़क यात्रा में करीब 8 से 9 घंटे लगते हैं, लेकिन इस नए एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद यह दूरी घटकर सिर्फ 3 से 4 घंटे रह जाएगी। यानी यात्री सफर के झंझटों से राहत पा सकेंगे और कारोबारी या निजी यात्रा दोनों में समय की भारी बचत होगी। यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पूरी तरह एक्सेस-कंट्रोल्ड होगा, यानी कहीं भी सिग्नल, कट या लेन में बाधा नहीं आएगी। इन सुविधाओं के साथ यह प्रोजेक्ट न केवल हाईवे को आधुनिक बनाएगा, बल्कि आसपास के गांवों और इलाकों को भी मुख्यधारा से जोड़ देगा।
* सड़क के दोनों ओर स्मार्ट टोलिंग सिस्टम
* ट्रैफिक मैनेजमेंट सेंटर
* सर्विस लेन और ओवरब्रिज
* मल्टीपल एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स
कारोबार, टूरिज्म और रियल एस्टेट को मिलेगा बूस्ट
नोएडा से लखनऊ के बीच तेज और सुगम यात्रा न केवल आम जनता के लिए फायदेमंद होगी, बल्कि लॉजिस्टिक्स कंपनियों, टूरिज्म आॅपरेटर्स, बिजनेस ट्रैवलर्स के लिए भी गेमचेंजर साबित होगी। रियल एस्टेट विशेषज्ञों की मानें तो जिन इलाकों से यह सड़क गुजरेगी, वहां की जमीनें सोने की कीमत छूने लगेंगी। निवेशकों की नजरें पहले से ही इस रूट पर टिक गई हैं।
2026 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
सरकारी सूत्रों के अनुसार यह प्रोजेक्ट 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। सरकार का फोकस निर्माण की गुणवत्ता और टाइमलाइन दोनों पर है। उत्तर प्रदेश की सड़कों पर अब नया युग दस्तक दे रहा है। यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि विकास का राजमार्ग है जो नोएडा से लखनऊ को न केवल करीब लाएगा, बल्कि बीच के सैकड़ों गांवों और कस्बों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ देगा। Noida News