Noida News : सब्जियों से भरी महिंद्रा पिकअप पलटा, कई घायल
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 09:54 PM
Noida : नोएडा । सब्जियों से भरी महिंद्रा पिकअप का पिछला टायर फटने के कारण वह यमुना एक्सप्रेस वे पर पलट गई। इस घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दनकौर थाना प्रभारी राधारमण ने बताया कि बीती रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि यमुना एक्सप्रेस वे चपरगढ़ अंडरपास के पास सब्जियों से लदी एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी पलट गई है और कई लोगों को गम्भीर चोटें आई हैं।
सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिंद्रा पिकअप के चालक राकेश कुमार, पवन व बदन सिंह को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जांच के दौरान पता चला कि महिंद्र पिकअप चालक राकेश कुमार व 7 अन्य लोग बीती रात्रि पलवल से सब्जी लेकर सिकंदराबाद की तरफ आ रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज गति में चल रही महिंद्रा पिकअप का अचानक पिछला टायर फट गया। टायर फटने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पलट गई। गाड़ी पलटने के कारण उसमें सवार 8 लोग चोटिल हो गए और सब्जियां सड़क पर बिखर गई। इस हादसे की वजह से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया और एक्सप्रेस वे पर से सब्जियों व महिंद्रा पिकअप को एक किनारे करवा कर यातायात को सामान्य कराया गया।