
Noida News: लोगों पर रौब गांठने के लिए नकली पिस्टल लहराते हुए फिल्मी गाने पर रील बनाना युवक को खासा महंगा पड़ा है। वायरल वीडियो के आधार पर थाना सूरजपुर पुलिस युवक को खोजते हुए उसके घर पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवक से लाइटर पिस्टल को भी बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि 2 दिन पूर्व एक युवक की पिस्टल लहराते हुए वीडियो वायरल हुई थी। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल इस वीडियो को बिरोंडी गांव का बताया गया था। पुलिस ने वायरल वीडियो का आधार पर विरोधी बिरोंडी गांव में युवक की तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वायरल वीडियो में दिख रहा है युवक खेड़ी गांव का रहने वाला नितिन तोंगड़ पुत्र अजीत सिंह है।
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने खेड़ी गांव में दबिश देकर नितिन तोंगड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से जब पिस्टल मांगी गई तो उसने लाइटर पिस्टल पुलिस के हवाले कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि नितिन तोंगड़ के पास से बरामद पिस्टल असली पिस्टल की तरह है। पहली दफा देखकर कोई भी उसे नकली पिस्टल नहीं बता सकता है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।