नोएडा के स्कूलों को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 08:06 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 08:06 AM
Noida News : नोएडा के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मामले में नोएडा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। नोएडा पुलिस ने इस मामले में सख्ती से जांच करते हुए नोएडा के निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
बता दें कि, बीते दिन (05 फरवरी) नोएडा के 4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। नोएडा के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए दी गई थी। धमकी भरा ई-मेल प्राप्त होने के बाद स्कूल मैनेजमेंट ने पुलिस को इसकी जानकारी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इस मामले की बारीकी से जांच की। अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
फर्जी मेल भेजने वाला निकला नाबालिग
जानकारी के मुताबिक, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत 4 स्कूलों को फर्जी मेल भेजने के संबंध में स्कूल मैनेजमेंट की तरफ से थाने में तहरीर दी थी। तहरीर मिलने के बाद थाना सेक्टर 126 पर अभियोग पंजीकृत किया गया, और स्थानीय पुलिस और साइबर टीम ने मामले की सख्ती से जांच करते हुए 12 घण्टे के अंदर फर्जी मेल भेजने वाले आरोपी की पहचान कर ली। कहा जा रहा है कि नोएडा के स्कूलों को उड़ाने की धमकी नाबालिग ने दी थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अब स्कूलों की स्थिति सामान्य
खबरों की मानें तो, बुधवार को जिन स्कूलों को धमकी दी गई, उनमें स्टेप बाय स्टेप स्कूल, द हेरिटेज स्कूल, ज्ञानश्री स्कूल और मयूर स्कूल को स्पैम ई-मेल द्वारा बम धमकी प्राप्त होने के बाद तत्काल विभिन्न पुलिस टीमों, बम स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वाड और बीडीडीएस टीम द्वारा सभी स्थानों की जांच की गई। मिली जानकारी के अनुसार, सभी जगहों पर अब स्थिति सामान्य है और कई स्कूलों में कक्षाएं फिर से शुरू करा दी गई है। वहीं मामले को लेकर पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। Noida News