Noida News : 'सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ा रही हैं कई स्कूल बसें'
Noida News: 165 school buses running on the roads without fitness
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:32 AM
Noida: नोएडा । लगता है अभी भी गाजियाबाद के मोदीनगर में घटी घटना से गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया है। गाजियाबाद में सभी स्कूली बसों की ऑडिट कराने तथा जांच के निर्देश जारी कर दिये गये हैं। लेकिन नोएडा व ग्रेटर नोएडा में प्रशासन ऐसे हादसे का मानो बाट जोह रहा है।सर्वविदित है कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा के निजी स्कूलों में चल रही बसें खुलेआम निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर रही है। अधिकांश बसें सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर रही है। कईयों में न तो सीसीटीवी कैमरे व मेडिकल किट है। वहीं खिड़की में भी गाइडलाइंस के अनुरूप रॉड नहीं लगे हैं जिससे छात्र खिड़की के बाहर सर न निकाल सकें।
एआरटीओ विभाग के सूत्र बताते हैं कि कुछ स्कूलों में अनफिट बसें चल रही हैं। वहीं स्पीड गर्वनर भी नहीं लगा है। ऐसी स्थिति में ऐसी बसें छात्रों के लिए साक्षात काल का सबब बनी हुई है। इसके बाद भी न तो प्रशासन ने कोई जांच के आदेश दिये और न ही एआरटीओ व पुलिस कोई जांच कर रही है।
बता दें कि इसके पूर्व जिलाधिकारी रहे बी.एन. सिंह ने इस दिशा में काफी सख्ती बरती थी तथा सभी स्कूल बसों पर कड़ाई से जांच अभियान भी चलायाा गया था। लेकिन उनके जाने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया। मोदीनगर के हादसे के बाद भी अभी जिला प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया है।
गाइडलाइंस अनुपालन के निर्देश जारी कर दिये: डीएम
स्कूली बसों को लेकर पहले से ही गाइडलाइंस तय है। उनको अनुपालन करने के लिए शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग व यातायात पुलिस को निर्देश जारी कर दिये गये हैं। गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस संबंध में सभी स्कूल, एआरटीओ, यातायात पुलिस व शिक्षा विभाग के समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करने के निर्देश निर्गत कर दिये हैं।