
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना फेस-3 में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसके पति व ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीडि़ता की बेटी ने बीते दिनों फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से हरदोई निवासी मंसाराम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी बेटी ममता की शादी 9 वर्ष पूर्व सुनील पुत्र राम जीवन के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसकी बेटी को सुनील, उसकी मां कमला दहेज के लिए प्रताडि़त करने लगे। इस बात की जानकारी मिलने पर उसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर सुनील व उसके परिजनों को समझा बूझकर मामला शांत कराया। कुछ दिन बाद सुनील उसकी बेटी ममता को अपने साथ नोएडा ले आया और पूरे परिवार के साथ यही रहने लगा।
मंसाराम का आरोप है कि सुनील व उसके ससुराली उसकी बेटी के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते थे और दहेज को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। बीते 3 दिसंबर को सुनील कुमार और उसकी मां कमला तथा सुरेंद्र ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की। 4 दिसंबर को उसे सूचना मिली कि उसकी बेटी ममता की मौत हो गई है। मंसाराम के मुताबिक पति व ससुराल वालों की प्रताडऩा से परेशान होकर उसकी बेटी ने आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।