
Noida News (चेतना मंच)। जलपुरा गांव में एक नवविवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। मृतका के पिता ने थाना ईकोटेक-3 में पति सहित तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
मूल रूप से चांदपुर जिला बिजनौर निवासी रियासत ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी पुत्री मुस्कान की 2 माह पूर्व नदीम अहमद के साथ शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने मुस्कान को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। नदीम अहमद व उसके परिजन उस पर मायके से नकदी व कार लाने का दबाव डाल रहे थे।
रियासत ने बताया कि बीती शाम उसे सूचना मिली कि उसकी पुत्री की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया है। सूचना के बाद वह जलपुरा गांव पहुंचे तो उन्हें मुस्कान फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। रियासत ने नदीम अहमद एवं उसके माता पिता के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि अजीत अपनी पत्नी सोनम चौधरी के साथ गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू 2 में रह रहे हैं। बुधवार की सुबह ड्यूटी पर चले गए। शाम के समय जब घर वापस लौटे तो उन्हें कमरे में सोनम का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिस कारण आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मृतका के परिजनों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। Noida News