
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। मायके से दहेज में कार व नगदी न लाने पर ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने का प्रयास किया। गंभीर हालत में ससुराली महिला को मायके के बाहर फेंक कर चले गए। पीडि़ता ने थाना जेवर में पति सहित 5 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम चांचली निवासी कामिनी (काल्पनिक नाम) ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 28 अप्रैल 2017 को ग्राम भटियाना थाना हाफिजपुर हापुड़ निवासी प्रशांत के साथ हुई थी। शादी के समय परिजनों ने अपनी हैसियत अनुसार दान दहेज दिया था। शादी में दिए गए दान-दहेज से उसका पति प्रशांत तोमर, ससुर सत्यवीर, ननद लक्ष्मी, तईया जेठ रिंकू उर्फ नरेंद्र, नंदोई विकास आदि खुश नहीं थे। शादी के बाद उस पर मायके से 5 लाख रुपए लाने का दबाव डाला जाने लगा। उसके द्वारा इंकार करने पर ससुराल वालों ने उसका मानसिक व शारीरिक उत्पीडऩ करना शुरू कर दिया। पीडि़ता ने बताया कि वर्ष 2022 में ससुराल वालों ने उसे जान से मारने की नियत से छत से नीचे फेंक दिया, जिसमें उसे काफी चोटें आई थी। इसके बाद उसके परिजन उसे मायके लेकर चले गए। कुछ समय बाद हुई पंचायत में आरोपियों ने अपनी गलती मानते हुए आश्वासन दिया कि वह आगे से उसके साथ मारपीट व दहेज की मांग नहीं करेंगे। इसके बाद परिजनों ने उसे ससुराल भेज दिया।
पीडि़ता ने बताया कि गत 11 जुलाई को उसके पति प्रशांत, ससुर सत्यवीर, ननंद लक्ष्मी, रिंकू, नरेंद्र, विकास आदि ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान उसके गले में रस्सी डालकर उसे जान से मारने का प्रयास किया गया। मारपीट से जब वह बेहोश हो गई तो ससुराल वाले उसे गांव से पहले ही नहर पर छोडक़र भाग गए। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना जेवर में आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया हैै।