
Noida News : उत्तर प्रदेश के आधुनिक शहर नोएडा में रविवार की देर रात लिफ्ट बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग को काबू करने के लिए फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां लगानी पड़ी। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस घटना में किसी तरह की जनहानि होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-3 नोएडा में लोकपाल इंडस्ट्रियल फैक्ट्री रविवार की रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रुप धारण कर लिया और फैक्ट्री में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों द्वारा मामले की जानकारी थाना फेस 1 पुलिस को दी गई। जिसके बाद आनन फानन में पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। थाना फेस 1 पुलिस द्वारा हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई।
जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन आग बढ़ती ही जा रही थी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों को बुलाना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस संबंध में गौतमबुद्धनगर के सीएफओ ने बताया कि आग लगने की सूचना के बाद दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंची थी। आग पर काबू पा लिया गया है और किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। Noida News