
Noida News (चेतना मंच)। परिजनों द्वारा टेलीग्राम फ्रेंड से बात ना करने देने तथा मोबाइल फोन छीनने से MBA की एक छात्रा इस कदर गुस्से से भर उठी कि उसने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर स्थिति में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है।
थाना फेस 3 प्रभारी ने बताया कि सेक्टर 121 अजनारा होम्स सोसायटी निवासी एमबीए छात्रा की टेलीग्राम पर जनपद बदायूं निवासी अमन कुमार दुबे से कुछ समय पूर्व दोस्ती हुई थी। दोनों एक दूसरे से मोबाइल फोन पर काफी देर तक बातें करते थे। इस बात का पता चलने पर युवती के परिजनों ने इसका विरोध किया, लेकिन युवती अमन से ही शादी करने की जिद पर अड़ी रही।
परिजनों ने युवती से उसकी पसंद की शादी कराने से साफ इनकार कर दिया और उसके मोबाइल फोन को छीन लिया। परिजनों द्वारा मोबाइल फोन छीने जाने से युवती इस कदर गुस्से में आ गई कि उसने अपने घर की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। दूसरी मंजिल से नीचे गिरने के कारण युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। Noida News
नोएडा ग्रेटर- नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें। देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।