
Noida News (चेतना मंच)। खुर्जा से महिंद्रा पिकअप में मीट लेकर दिल्ली जा रहे एक व्यक्ति को बजरंग दल के लोगों ने नेशनल हाईवे पर दबोच लिया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पिकअप चालक को थाना सेक्टर-63 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और बरामद मीट को जांच के लिए भेजा है।
बजरंग दल के कार्यकर्ता बिट्टू ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसे सूचना मिली कि एक महिंद्रा पिकअप में खुर्जा से अवैध तरीके से मीट लेकर आया जा रहा है। यह मीट गाजियाबाद के लाल कुआं से होते हुए दिल्ली जाएगा। इस पर उसने अपने साथी अनुपम बजरंगी, गुलशन बजरंगी, आजसू, वरुण बजरंगी के साथ मिलकर महिंद्रा पिकअप को एनएच-24 पर रोक लिया महिंद्रा पिकअप की जब तलाशी ली गई तो उसमें मीट भरा हुआ था। इसके बाद थाना सेक्टर-63 पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस महिंद्रा पिकअप को चालक मुजम्मिल सहित थाने ले आई। थाने में मुजम्मिल मीट का लाइसेंस दिखाने में असमर्थ रहा। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी मुजम्मिल को गिरफ्तार कर लिया गया है और बरामद मीट को जांच के लिए भेज दिया गया है।