
Noida News: थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास हिंडन पुल पर तेज गति में आ रही मर्सिडीज कार रोडवेज बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और बस के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में मर्सिडीज कार चालक सहित कई अन्य सवारियां भी घायल हो गई है, जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेपी ग्रीन्स थाना बीटा-2 निवासी राघव गुप्ता आज अपनी मर्सिडीज कार से जा रहे थे। जीरो पॉइंट के निकट हिंडन पुल पर राघव गुप्ता ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में मर्सिडीज कार बस के नीचे फंस गई और कई मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कार हिंडन नदी के पुल से नीचे लटक गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय दोनों ही वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी। कार व बस की भिड़ंत के बाद दोनों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में राघव गुप्ता व रोडवेज बस में सवार कई सवारिया गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने क्रेन मंगवा कर क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को हटाकर सड़क किनारे कराया। इस भीषण हादसे की वजह से काफी देर तक नोएडा, ग्रेटर नोएडा मार्ग पर जाम लगा रहा।