
Noida News / जेवर। कोतवाली क्षेत्र के गांव मुढरह में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के सुसराल वालों ने उसके गले में फंदा डालकर फांसी लगाकर हत्या कर दी। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे मृतका के भाई की तहरीर पर जेवर कोतवाली पुलिस ने पति, सास, ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपी फरार बताए जाते हैं।
गांव बैर बादशाहपुर निवासी अनिल कुमार ने अपनी 24 वर्षीय बहन आरती की शादी गांव मुढरह निवासी शिवम के साथ ढाई वर्ष पूर्व की थी। जिसमें करीब दस लाख रूपये का दान दहेज दिया था। आरोप है कि आरती का पति शिवम, सास प्रकाशी देवी व ससुर मनवीर सिंह इससे संतुष्ट नहीं थे और दहेज में पांच लाख रूपये की नगदी व वेगनआर कार की मांग को लेकर विवाहिता आरती देवी का मानसिक उत्पीडन कर मारपीट करते थे। विवाहिता ने इस बाबत सुसरालजनों के उत्पीडन से अपने मायके वालों को अवगत कराया था मगर उनके समझाने के बाद भी सुसरालजन अपनी हरकत से बाज नहीं आये।
कल पति शिवम, ससुर मनवीर सिंह, सास प्रकाशी देवी ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर विवाहिता आरती देवी को फंदे पर लटकाकर फरार हो गये। सूचना पर गांव मुढरह पहुंचे विवाहिता के मायके वाले उसे मरणासन्न अवस्था में लेकर जेवर के निजी अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में एसीपी जेवर रूद्र कुमार सिंह का कहना है कि मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। फरार हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की टीम संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही है। Noida News