
Noida News : उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री तथा गौतमबुद्धनगर जिले के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित कई गांवों का दौरा किया तथा किसानों व प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी व्यथा सुनी।
मंगलवार की सुबह कुंवर बृजेश सिंह पहले सुल्तानपुर गांव स्थित भाजपा के नोएडा महानगर महामंत्री उमेश त्यागी के आवास पहुंचे। वहां पर किसानों व ग्रामीणों से चर्चा करने के बाद वे गांव रायपुर, गढ़ी, असगरपुर, सेक्टर-135, नगली वाजिदपुर समेत कई गांव पहुंचे तथा बाढ़ की विभीषिका एंव चौपट फसलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विस्थापित परिवारों से भी मुलाकात की तथा उनकी व्यथा सुनीं। प्रभारी मंत्री ने किसानों से भी बातचीत की।
उन्होंने मौजूद अफसरों को प्रभावित परिवारों को खाद्य, चिकित्सा तथा अन्य सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिये। वहीं किसानों को भी समुचित मुआवजा दिये जाने के निर्देश दिये।
प्रभारी मंत्री के साथ गौतमबुद्धनगर के सांसद व पूर्व केद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, दादरी के विधायक तेजपाल नागर, महामंत्री उमेश त्यागी, महाममंत्री गणेश जाटव, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा के अलावा जिलाधिकरी मनीष वर्मा आदि मौजूद थे। Noida News