नोएडा। थाना फेस-2 क्षेत्र के सेक्टर-93 एस.के.-2 से लापता हुई बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गयी है। मासूम बच्ची का शव देर रात श्रमिक कुंज दो के सामने पार्क में मिला। पुलिस ने बच्ची की हत्या में किसी करीबी का हाथ शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 6 वर्षीय बच्ची की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरिश्चन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-93 एस-2 के सोसायटी में रहने वाले राम कुमार शर्मा की पुत्री हनी शर्मा (6 वर्ष) खेलते समय घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने मामले की शिकायत की। थाना फेस-2 पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर परिजनों के साथ बच्ची की तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस की एक टीम को उक्त बच्ची का शव देर रात जेपी फ्लाईओवर के पास श्रमिक कुंज-2 के सामने पार्क में मिला।
सूचना पर थाना प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय एवं उच्च अधिकारी ,डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम पहुंची। और घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बच्ची के साथ किसी लैंगिक अपराध की बात सामने नहीं आई है।
ऐसा प्रतीत होता है कि बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को पार्क में फेंक दिया गया। डीसीपी ने बताया कि घटना किसी नजदीकी द्वारा कारित होना प्रतीत हो रहा है। मृतक बच्ची अपने मां-बाप व 6 बहनों के साथ रहती थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द खुलासा का दावा किया है।