Noida News: असहाय बुजुर्गों के लिए मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:20 AM
Noida: नोएडा। असहाय बुजुर्गों की जरूरतें पूरा करने के लिए हेल्पएज इंडिया ने पउप्र में तीन मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट लांच किए हैं। यह मोबाइल यूनिट्स माइंडट्री की सीएसआर शाखा, माइंडट्री फाउंडेशन के समर्थन से लॉन्च किए गए हैं।
हेल्पएज एशिया का सबसे बड़ा मोबाइल हेल्थकेयर प्रोग्राम चलाता है। इन नई यूनिट्स के लॉन्च के साथ, पूरे देश में हेल्पएज इंडिया के मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट (एमएचयू) नेटवर्क में शामिल यूनिट्स की कुल संख्या अब 166 हो गई है। हर साल, ये एमएचयू 4 लाख से अधिक वंचित बुजुर्गों और उनके समुदायों को चिकित्सा राहत और उपचार प्रदान करते हैं। लॉन्च किए गए नए एमएचयू अतिरिक्त 30 नई जगहों पर सेवा प्रदान करेंगे।
हेल्पएज इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रोहित प्रसाद ने कहा कि ज्यादातर बुजुर्ग बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले पाने में भी अक्षम हैं। विशेष रूप से दूरदराज के गांवों में, निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्राय: उनके घरों से बहुत दूर स्थित हैं। हमारे मोबाइल स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा को वस्तुत: बुजुगों के दरवाजे तक लाकर इस अंतर को पाटना है। कोविड ने हमारे बुजुर्गों को पहले से ज्यादा असुरक्षित बना दिया है। इसलिए यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना महत्वपूर्ण है कि हमारे बुजुर्गों को अत्यावश्यक स्वास्थ्य सहायता मिल सके। हम माइंडट्री फाउंडेशन के आभारी हैं।
हेल्पएज, नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्रों में चार एमएचयू संचालित कर रहा है। इसकी चिकित्सा टीमें कई बार लग चुके लॉकडाउन के दौरान महामारी के समय में भी कड़ी मेहनत करती रही हैं, जिस दौरान बुजुगों के लिए मेडिकल शॉप्स तक पहुंच पाना मुश्किल था और अधिकांश बुजुर्ग मधुमेह, उच्च रक्तचाप, गठिया और रक्तचाप जैसी पुरानी स्थितियों से पीडि़त थे।