
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर 62 गोल चक्कर पर फोन पर ओला बुक कर रहे एक व्यक्ति से बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस मामले में हैरानी की बात यह है कि थाना सेक्टर 58 पुलिस ने 6 माह बाद लूट के इस मामले को चोरी में दर्ज किया है।
वैशाली गाजियाबाद निवासी कमल यादव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह सेक्टर 62 की एक कंपनी में काम करते हैं। गत 14 दिसंबर 2022 को वह अपने ऑफिस से नाइट ड्यूटी खत्म कर घर आ रहे थे। वह सेक्टर 62 गोल चक्कर पर ओला कैब बुक करने के लिए फोन पर बात कर रहे थे।
इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाश उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन कर ले गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। गत दिसंबर माह में हुई इस घटना की रिपोर्ट अब दर्ज की गई है। करीब 6 माह बाद दर्ज हुई इस रिपोर्ट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। हालांकि पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने का दावा कर रही है। Noida News