
Noida News नोएडा (गौतमबुद्धनगर) के सांसद डा. महेश शर्मा की एक मदद ने ग्रेटर नोएडा के पास स्थित जेवर के एक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के दिन बदल दिए हैं। पिछले 18 सालों से स्कूल में बच्चे हर मौसम में जमीन पर बैठकर पढ़ रहे थे और स्कूल के पास फर्नीचर नहीं था। सांसद की इस मदद की पूरे जिले में सराहना हो रही है।
ग्रेटर नोएडा के पास स्थित जेवर के नई बस्ती के प्राथमिक विद्यालय में 18 वर्षों से छात्रों के पास बैठने के लिए फर्नीचर नहीं था। हर मौसम में बच्चों को जमीन पर बैठकर ही पढ़ाई करनी पड़ती थी। मीडिया में इस खबर के आने के बाद नोएडा (गौतमबुद्धनगर) लोकसभा क्षेत्र के सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने सीएसआर के माध्यम से जेवर की नई बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय को फर्नीचर दिलवाया तथा छात्रों को आधुनिक शिक्षा मिल सके इसके लिए विद्यालय में कम्प्यूटर लैब भी स्थापित किया गया। सांसद की इस मदद के बाद इस स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के चेहरे खिल उठे हैं। छात्रों ने सांसद का आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।
सांसद डॉ. महेश शर्मा द्वारा पूर्व में भी ऐसे स्कूलों की सीएसआर योजना के जरिए मदद कर फर्नीचर उपलब्ध कराए गए हैं ताकि देश की उन्नति और विकास के लिए छात्र बेहतर माहौल में शिक्षा ग्रहण करके अपनी भागीदारी निभा सकें।