
Noida News : मुसलमानों के शिया समुदाय ने आरोप लगाया है कि पिछले 75 सालों में मुसलमानों का बड़ा शोषण हुआ है। हर राजनीतिक दल ने मुसलमानों का केवल शोषण किया है। मुस्लिम समाज को किसी भी सरकार ने उनका हक कभी नहीं दिया। अब मुसलमान अपना हक व अधिकार मांगेंगे।
प्रेस क्लब नोएडा में शिया चाँद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैय्यद सैफ अब्बास नकवी व मौलाना इमाम हैदर जैदी व मौलाना अली हैदर ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि 75 साल से हर राजनीतिक दल ने मुसलमानों का शोषण किया है। चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं और सरकार बनने के बाद सभी वादों की अनदेखी की जाती है जैसा कि सच्चर कमेटी की रिपोर्ट से पता चला है।
उन्होंने कहा कि हर सरकार ने हमेशा मुसलमानों को अशिक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश की है। लेकिन अब हम सभी को जागना होगा। जब देश में 2%, 4% 5% वाले समुदाय का प्रतिनिधित्व है, तो शिया समुदाय, जो अल्पसंख्यक में अल्पसंख्यक है और मुसलमानों मे लगभग 15 से 20% यानि 30 करोड़ मुसलमानों में 5 से 6 करोड़ शिया हैं। शिया समुदाय हर क्षेत्र में पिछड़ता जा रहा है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक देखा जा सकता है, किसी भी प्रदेश या केंद्र में शिया प्रतिनिधित्व नहीं है। इसलिए शिया समुदाय जनसंख्या के अनुपात में अपना हिस्सा मांगेगा।
इस संबंध में 15 जुलाई 2023 को नई दिल्ली इमामिया हाल पंचकुइयां रोड में शिया धर्मगुरूओं का एक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न प्रदेशों के धर्मगुरू की उपस्थिति के लिए स्वीकृत प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि इस बैठक में कामन सिविल कोड के मुद्दे के अलावा अन्य मुद्दों पर धर्मगुरूओं से चर्चा करके 2023 में प्रदेशों के चुनाव और 2024 में होने वाले केंद्रीय चुनाव के लिए अपनी मांगों को राजनीतिक दलों के समक्ष रखेंगे। Noida News