Noida News : नंदी ने ली प्राधिकरण अफसरों की 'क्लास'
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:53 AM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:53 AM
Noida : नोएडा । उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने आज सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण के प्रशासनिक कार्यालय में विभिन्न परियोजनाओं तथा कामकाज को लेकर समीक्षा बैठक की। इसके पूर्व उन्होंने कई परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।
बता दें कि प्रदेश सरकार के गठन के बाद श्री नंदी का नोएडा में यह दूसरा दौरा है। औद्योगिक विकास मंत्री ने जिन परियोजनाओं का लोर्कापण किया उनमें सेक्टर-91 स्थित वेटलैंड, सेक्टर-148-104 में बने फुटओवर ब्रिज, सेक्टर--150 में पिंक व 121 में पब्लिक टॉयलेट, सेक्टर-132 तथा 135 एक्सप्रेस-वे पर पंचशील अंडरपास तक आरसीसी ड्रेन आदि शामिल है।
इसके बाद उन्होंने बोर्ड रूम में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में श्री नंदी ने अधिकारियों को लंबित चल रहे कई प्रमुख प्रोजेक्ट को शीघ्रता से पूरा कराने के निर्देश दिये। समीक्षा बैठक में इंटीग्रेटिड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) सिग्नेचर ब्रिज, कोंडली व एडवांट के पास बन रहे अंडरपास, चिल्ला रेगुलेटर से भंगेल तक बन रहे एलीवेटिड रोड आदि प्रोजेक्ट पर भी चर्चा की तथा अधिकारियों की कई मुददों को लेकर क्लास भी लगाई। वहीं किसानों तथा अन्य मुददों पर भी अधिकारियों संग वार्ता की। खबर लिखे जाने तक समीक्षा बैठक जारी थी। इस दौरान प्राधिकरण दफ्तर के सभी गेट बंद कर दिए गए तथा किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गयी। उधर प्राधिकरण के चारों ओर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात कर दिया गया।
इस दौरान नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी, एसीईओ प्रवीण मिश्रा, एसीईओ मानवेन्द्र सिंह, प्रधान महाप्रबंधक राजीव त्यागी, महाप्रबंधक एन.के. कौशिक, डीजीएम आर.पी. सिंह, डीजीएम एस.सी. मिश्रा, डीजीएम एस.पी. सिंह, ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, ओएसडी डा. अविनाश त्रिपाठी, अविनाश कुमार, ज्योत्सना यादव समेत कई अधिकारी मौजूद थे।