
Noida News: नोएडा प्राधिकरण की कर्मचारी यूनियन नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन (NEA) के चुनाव को लेकर अघोषित प्रचार-प्रसार तेज हो गया है। मंगलवार को नामांकन वापसी के दौरान निर्दलीय उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी परसादी गौतम ने अपना नामांकन वापस लिया है। बाकी सभी लोग चुनाव मैंदान में विधिवत ताल ठोंक रहे हैं। इस बार एनईए के चुनाव में प्रमुख तौर पर दो ही पैनल आमने-सामने हैं। बाकी चार पदों पर निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
इस बार मुख्य मुकाबला चौ. राजकुमार पैनल तथा रविंद्र कसाना पैनल के बीच है। दोनों ही पैनल ने अपने-अपने पक्ष में मतदान के लिए मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क तेज कर दिया है। इनमें से कौन सा पैनल बाजी मारेगा यह कहना मुश्किल है।
एक ओर चौ. राजकुमार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि रविंद्र कसाना पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। सभी अपने-अपने तरीके से मतदाताओं को रिझाने के प्रयास कर रहे हैं। इस बार करीब 1000 मतदाता एनईए के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों के भाग्य का फैसला करेंगे। कुल मिलाकर इस बार पूर्व के मुकाबले चुनाव और भी रोचक भी हो गया है।