Noida News: नोएडा प्राधिकरण के ठेकेदार व विद्युत विभाग की लापरवाही ने ली मजदूर की जान, पोल लगाते समय हुआ हादसा
Noida News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:20 PM
Noida News: नोएडा (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण के ठेकेदार व विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते सेक्टर 24 ईएसआई अस्पताल के बाहर विद्युत पोल लगाते समय एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। विद्युत पोल ऊपर से जा रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से टकरा गया। पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर 7 मजदूर झुलस गए। इस हादसे में एक मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि विद्युत पोल लगाने के दौरान ठेकेदार ने लापरवाही बढ़ाते हुए विद्युत विभाग से शटडाउन नहीं लिया हुआ था।
Noida News ठेकेदार व विद्युत विभाग की लापरवाही से हुआ हादसा
रविवार शाम को ठेकेदार के मजदूर सेक्टर 24 स्थित ईएसआईएस अस्पताल के बाहर विद्युत पोल लग रहे थे। इस दौरान विद्युत पोल 11000 वोल्ट की लाइन से टकरा गया। पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से खंबा लगा रहे 7 मजदूर छटपटाने लगे। मजदूरों को करंट की चपेट में देखकर मौके पर अफरा तफरी मच गई। इस दौरान करंट की चपेट में आने से एक मजदूर ने मौके पर दम तोड़ दिया जबकि 6 अन्य मजदूर झुलस गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दी। बिजली विभाग ने आनन-फानन में लाइट बंद की जिसके बाद मजदूरों को वहां से हटाया गया।
Noida News
बिजली के पोल ने ली मजदूर की जान, 7 झुलसे
एडीसीपी ने बताया कि इस हादसे में मोहम्मद आदिल, मोहम्मद मूसा, अब्दुल करीम, मोहम्मद अफरोज, नसीर व मुस्ताक को उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस हादसे में बिहार के अररिया जिला निवासी दिलकश राजा की मौत हो गई।
एडीसीपी ने बताया कि मृतक के भाई यासीन तहरीर पर सरिता इलेक्ट्रिक इंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार संजय गोयल, सुपर वाइजर शहबान तथा पेटी ठेकेदार मोहम्मद फिरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद मजदूर व उनके परिजनों ने बताया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त बिजली की लाइन चालू थी। ठेकेदार ने शटडाउन नहीं लिया हुआ था। शटडाउन ना लेने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं लोगों का कहना था कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां काफी भीड़भाड़ थी। ठेकेदार की लापरवाही से यहां और बड़ा हादसा हो सकता था।Noida News