Noida News : दांतों के प्रति लापरवाही बना सकती है बीमार: डा. लाल
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 01:43 PM
Noida : नोएडा । देश में मुंह के कैंसर के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसका मुख्य कारण तंबाकू उत्पाद व गुटखे का सेवन है। दांतों के प्रति थोड़ी सी लापरवाही कैंसर की चपेट में ला सकती है। यह बात मेट्रो अस्पताल के चेयरमैन डॉ. पुरुषोत्तम लाल
ने कहीं। सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में डेंटल विभाग के 20 वर्ष पूरे होने पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. लाल ने कहा कि अगर आप अपने दांतों का ख्याल ठीक से नहीं रखते हैं तो उसकी वजह से ब्लड स्ट्रीम यानी खून में बैक्टीरियल संक्रमण की स्थिति पैदा हो सकती है। इस संक्रमण का सीधा असर हृदय के वॉल्व पर पड़ता है। डायबिटीक लोगों में दांत की खराबी का सीधा संबंध कार्डियोवैस्कुलर डिजीज से जुड़ा हो सकता है।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित जनपद गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने चिकित्सकों का आह्वान किया कि प्रतिस्पर्धा व व्यवसायिकता की दौड़ में चिकित्सक अपने पेशे की गरिमा को ध्यान में रखकर मरीजों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराएं। उन्होंने मेट्रो अस्पताल के चेयरमैन डॉ पुरुषोत्तम लाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हृदय रोग के उपचार के लिए बेहतर कार्य किया है।
मेट्रो अस्पताल की डायरेक्टर श्रीमती पूनम लाल ने कहा कि बदलती जीवन शैली, कार्य व्यस्तता, तनाव एवं अनुचित खान-पान के कारण बीमारियां बढ़ रही हैं। मेट्रो अस्पताल के वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव वालिया व वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया खुराना ने भी दांतों की सफाई पर जोर दिया।