
Noida News पड़ोस में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी को भगाकर ले जाने वाले एक युवक को नोएडा थाना फेस 2 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गत सोमवार को लड़की को बरामद कर लिया था। लड़की के बयान के बाद पता चला था कि उसे पड़ोस में ही रहने वाला युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना फेस 2 क्षेत्र से 14 मई को एक 16 वर्षीय किशोरी गायब हो गई थी। इस बाबत लड़की के परिजनों ने थाना फेस 2 पर किशोरी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद थाना पुलिस ने गत सोमवार को लड़की को बरामद कर लिया था। लड़की की बरादगी के बाद पुलिस द्वारा पूछताछ गई तो खुलासा हुआ कि उसे उसके पड़ोस में ही रहने वाला एक युवक बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया, जिसके बाद इलेक्ट्रानिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज व बीट पुलिसिंग की सहायता आरोपी किशन सिंह पुत्र रामसागर सिंह को ग्राम नगलाचरणदास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 366 भादवि व 16/17 पाक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है। विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि अभियुक्त किशोरी के पडोस में ही रहता था तथा आरोपी का पीड़िता के घर आना जाना था। इसी मौके का लाभ उठाकर अभियुक्त ने पीड़िता को बहला-फुसला लिया और भगा ले गया था।