
New post office in Noida : UP के नोएडा शहर में जल्दी ही डाक-तार विभाग का नया दफ्तर खोला जाएगा। यह नया दफ्तर डाक मंडल (सर्किल ऑफिस) होगा। अभी तक नोएडा (गौतमबुद्धनगर जिला) का डाक मंडल कार्यालय गाजियाबाद में है। नोएडा (गौतमबुद्धनगर) के सांसद डॉ. महेश शर्मा की सिफारिश पर भारत सरकार ने नोएडा में डाक मंडल बनाने का फैसला किया है।
आपको बता दें कि नोएडा (गौतमबुद्धनगर) के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने केन्द्रीय संचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र लिखकर नोएडा में डाक-तार विभाग का डाक मंडल (New post office in Noida) स्थापित करने की मांग की थी। अपने पत्र में नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने लिखा था कि-नोएडा (जिला गौतमबुद्धनगर) व्यवसाय की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण एवं सर्वाधिक आय प्रदान करने वाला विकसित जनपद है। जिसमें बहुत से उच्च प्रशासनिक अधिकारी एवं सेवानिवृत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण एवं उच्च शिक्षित वर्ग के नागरिकों के साथ-साथ ग्रामीण परिक्षेत्र भी सम्मिलित है।
गौतमबुद्धनगर जिला दिल्ली एनसीआर, गाजियाबाद, हापुड एवं बुलन्दहर जिलों की सीमाओं से लगा हुआ है एवं यहाँ बड़े- बड़े ओद्योगिक प्रतिष्ठान, शिक्षण संस्थान, चिकित्सा संस्थान के साथ-साथ पुलिस कमिश्नरेट की स्थापना भी की जा चुकी है। जिला गौतमबुद्धनगर में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है। जिला गौतमबुद्धनगर दिन रात लगातार बहुमुखी विकास के पथ पर अग्रसर है एवं दिन रात क्षेत्रफल एवं घनत्व की दृष्टि से विस्तार कर रहा है।
वर्तमान परिपेक्ष में गौतमबुद्धनगर में डाक विभाग की सेवाएं एवं प्रशासनिक नियन्त्रण गाजियाबाद मण्डल के प्रवर अधीक्षक डाकघर द्वारा किया जा रहा है। जिसका मुख्यालय गौतमबुद्धनगर से लगभग 30-35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
गाजियाबाद डाक मण्डल में एक मात्र प्रशासनिक अधिकारी के नियंत्रण में जिला- गाजियाबाद, जिला- हापुड तथा कुछ डाकघर बुलन्दशहर डाक मण्डल एवं मेरठ डाक मण्डल के भी सम्मिलित है। गौतमबुद्धनगर जिला के डाकघरों में डाक विभाग का प्रशासनिक कार्य प्रवर अधीक्षक डाकघर गाजियाबाद अधीक्षक डाकघर बुलन्दशहर द्वारा किया जाता है। दो मण्डलों में कार्य बंटे होने के कारण गौतमबुद्धनगर जिले में डाकघरों का प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से सम्भव नहीं है। जिसके दृष्टिगत गौतमबुद्धनगर जनपद को डाक विभाग के गौतमबुद्धनगर डाक मण्डल के रूप में डाक विभाग द्वारा अलग से सृजित कराया जायें।
नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा के अनुरोध पर केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नोएडा में डाक मंडल स्थापित (New post office in Noida) करने का फैसला कर दिया है। केन्द्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस विषय में निर्देश जारी कर दिए हैं। इन निर्देशों के आधार पर डाक तार विभाग ने काम शुरू कर दिया है। संभावना जताई जा रही है कि नोएडा (गौतमबुद्धनगर) में जल्दी ही डाक मंडल स्थापित होकर काम करना शुरू कर देगा। संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा को पत्र लिखकर इस फैसले की जानकारी दी है। Noida News