नोएडा एयरपोर्ट के 20 किमी दायरे में नए नियम : इमारत की ऊंचाई तय करेगी कलर-कोड मैपिंग
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:27 PM
Noida News : निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के 20 किलोमीटर के दायरे में अब इमारतों की ऊंचाई पर सख्त नियंत्रण लागू होगा। नोएडा में एयरपोर्ट अथॉरिटी आॅफ इंडिया ने इसके लिए कलर-कोडेड जोनिंग मैप तैयार किया है, जिसे यमुना प्राधिकरण ने अपने बिल्डिंग बायलॉज में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। अब इस दायरे में नोएडा एयरपोर्ट के आसपास कोई भी नया निर्माण कार्य तभी संभव होगा, जब बिल्डर या आवेदक अथारिटी से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करेगा।
200 मीटर औसत ऊंचाई वाला एयरपोर्ट
एयरपोर्ट की समुद्र तल से औसत ऊंचाई लगभग 200 मीटर है। पहले चरण में 1334 हेक्टेयर भूमि पर दो रनवे तैयार किए जा रहे हैं। इनमें से एक रनवे (3900 मीटर) बनकर तैयार है, जबकि दूसरा (4150 मीटर) निमार्णाधीन है। प्राधिकरण ने बताया कि इस पूरे क्षेत्र का सर्वे करने के लिए एक विशेषज्ञ कंसल्टेंसी एजेंसी नियुक्त की जाएगी। यह एजेंसी निर्धारित ऊंचाई, फ्लोर स्पेस इंडेक्स, कवरेज एरिया और अन्य निर्माण मानकों पर रिपोर्ट देगी। इन्हीं मानकों को आधार मानकर भवनों के नक्शे पास किए जाएंगे।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
स्पष्ट किया गया है कि अगर कोई बिल्डर या व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो निर्माण को बिना अतिरिक्त अनुमति के गिराया जा सकेगा। प्राधिकरण पहले ही इस 20 किलोमीटर क्षेत्र के लिए अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम ऊंचाई सीमा तय कर चुकी है, जिसे अब कानूनी रूप से लागू किया जा रहा है। यह अहम निर्णय यमुना प्राधिकरण की 86वीं बोर्ड बैठक में लिया गया। बैठक में अपर मुख्य सचिव और यीडा चेयरमैन आलोक कुमार, यीडा सीईओ आर.के. सिंह, एसीईओ नागेंद्र सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। Noida News