
Noida News (चेतना मंच)। साइबर ठग नित नए तरीके से लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। आए दिन अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठग उनकी गाड़ी कमाई को हड़पने का काम कर रहे हैं अलग-अलग थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने पेटीएम अकाउंट सुरक्षित करने तथा क्रेडिट कार्ड पर चार्ज रिमूव करने के नाम पर लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया।
नोएडा के थाना सेक्टर-24 में दर्ज कराई रिपोर्ट में सेक्टर-34 उदयगिरि निवासी अमित कुमार ने बताया कि करीब चार माह पूर्व उसके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति का कॉल आया। उसने खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके पेटीएम अकाउंट से नंबर बदलने की कोशिश कर रहा है। अगर उसने अपना अकाउंट सुरक्षित नहीं किया तो उसके साथ ठगी हो सकती है। अकाउंट सुरक्षित करने के लिए उक्त व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर एक मैसेज भेजा। मैसेज पर क्लिक करते ही उसके खाते से 25 हजार रूपये ट्रांसफर हो गए। मैसेज आने पर उसे पैसे ट्रांसफर होने की जानकारी मिली इसके बाद उसने जब उक्त नंबर पर बात करने का प्रयास किया तो वह स्विच ऑफ मिला।
इसके अलावा थाना सेक्टर 126 में यस पीजी होम्स में रहने वाले अनुज कुमार ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित ने दर्ज रिपोर्ट में बताएं कि 13 सितंबर की शाम को उसके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति का फोन आया उसे व्यक्ति ने खुद को आइसीआइसीआइ बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए अपना नाम विनय श्रीवास्तव बताया।
विश्वास दिलाने के लिए उसने अपना एम्पलाई कोड की भी जानकारी दी। विनय श्रीवास्तव नामक व्यक्ति ने बताया कि इसका क्रेडिट कार्ड खो जाने तथा डैमेज हो जाने पर बैंक द्वारा चार्ज लगाए गए हैं। इस कारण उसे सालाना 2400 रूपये, क्रेडिट कार्ड पर देने होंगे।
विनय श्रीवास्तव ने बताया कि अगर वह चार्ज देने से बचना चाहता है तो उसे आइसीआइसीआइ क्रेडिट कार्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होगी। उसने जैसे ही उक्त वेबसाइट खोली तो उसके कार्ड की सारी डिटेल हैक कर ली गई इसके बाद उसके कार्ड से 79269 रुपए दो बार में निकल लिए।
फोन पर मैसेज आने पर उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी मिली इसके बाद उसने बैंक से इसकी शिकायत की लेकिन बैंक ने उसकी कोई सहायता नहीं की पुलिस के मुताबिक पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।