नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगा एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और बस नेटवर्क : यात्रियों को मिलेगी सुविधा
भारत
चेतना मंच
25 Sep 2025 06:24 PM
जेवर का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 30 अक्टूबर 2025 से उड़ान भरने के लिए तैयार है। उद्घाटन के बाद नोएडा एयरपोर्ट भारत का सबसे बड़ा और एशिया का चौथा सबसे बड़ा हवाई अड्डा बन जाएगा। 5,845 हेक्टेयर में फैला यह नोएडा एयरपोर्ट छह रनवे और चार टर्मिनलों के साथ देश का पहला ऐसा एयरपोर्ट है। पूरी तरह तैयार होने पर नोएडा एयरपोर्ट पर सालाना सात करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे। इस एयरपोर्ट से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद के साथ अलीगढ़, आगरा, फरीदाबाद और आसपास के जिलों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। Noida News :
मेट्रो और एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) जेवर एयरपोर्ट को दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए 74 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर तैयार कर रही है। मेट्रो की अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। कॉरिडोर में जेवर से नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा और फिर नोएडा के यमुना बैंक स्टेशन तक एलिवेटेड और अंडरग्राउंड ट्रैक शामिल होंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए 750 मीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी, जिसकी लागत लगभग 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 31 किलोमीटर लंबा लिंक बनाया जाएगा और डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे से भी कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
बस सेवा और लोकल कनेक्शन
जेवर एयरपोर्ट से नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक तीन प्रमुख बस रूट तैयार किए गए हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण रूट एयरपोर्ट से ग्रेटर नोएडा के परी चौक तक है (42 किलोमीटर), दूसरा रबूपुरा से नोएडा सेक्टर-37 बॉटनिकल गार्डन (57 किलोमीटर) और तीसरा यीडा क्षेत्र से दनकौर व सेक्टर-17 होते हुए भंगेल तक (51 किलोमीटर) है।
लाभ और उड़ानें
शुरूआती चरण में एयरपोर्ट से चंडीगढ़, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, अहमदाबाद और जयपुर के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध होंगी। बाद में इसे और अधिक शहरों तक बढ़ाया जाएगा। जेवर एयरपोर्ट बनने से दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के आसपास के जिलों के कारोबारियों और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। Noida News