
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण ने रैन बसेरों तक बेसहारा लोगों को पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा की पहल की है। नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल 10 में एक-एक ई रिक्शा का संचालन किया गया है। इनका काम बेसहारा लोगों को नजदीक के रैन बसेरा तक लाना होगा। इन रिक्शा के पीछे बकायदा एक बैनर लगाया गया है। साथ ही माइक के जरिए अनाउंसमेंट भी किया जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि जरुरत पडऩे पर सर्किल में ई-रिक्शा की संख्या को और बढ़ाया जाएगा, ताकि जितने भी लोग सड़क पर सो रहे है उनको नजदीक के रैन बसेरों तक पहुंचाया जा सके।
नोएडा प्राधिकरण की ओर से नोएडा के वर्क सर्किल 6 में एक-एक रैन बसेरा बनाए गए है, जिसमें महिला और पुरुषों के रुकने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इनके लिए यहां पीने के लिए पानी, शौचालय का निर्माण भी किया गया है। इसके अलावा इन रैन बसेरों के बाहर अलाव की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को गर्माहट मिलती रहे।
इन रैन बसेरे में कुल 220 लोग रुक सकते हैं। सबसे बड़ा रैन बसेरा सेक्टर-21 नोएडा स्टेडियम के रामलीला मैदान में बनाया गया है, यहां कुल 65 व्यक्ति जिसमें 50 पुरुष और 15 महिलाएं ठहर सकते हैं। इसके अलावा सेक्टर-62, ग्राम मामूरा बारात घर, सोरखा जाहिदाबाद बारात घर, शहदरा पंचायत घर, सेक्टर-135 सामुदायिक केंद्र और ग्राम कोंडली बरात घर में रैन बसेरा बनाया गया है। ई-रिक्शा से बेसहारों को रैन बसेरा तक पहुंचाने में आसानी हो रही है।