
Noida News (चेतना मंच)। खेतों में पराली जलने, वाहनों के चलने, इंडस्ट्री और अन्य संस्थानों में डीजल जनरेटर, कंस्ट्रक्शन और अन्य कारणों से आगामी 5 महीने प्रदूषण के लिए काफी संवेदनशील माने जाते हैं। यही नहीं कई बार तो इन महीनों में नोएडा शहर का एक्यूआई इंडेक्स 500 के पार तक पहुंच जाता है।
ऐसे में इस बार प्राधिकरण ने इस समस्या के निपटारे के लिए शहर को 7000 लीटर क्षमता वाले ट्रक माउंटेड वाटर स्प्रिंकल की सौगात दी है। जनस्वास्थ्य विभाग के उप महाप्रबंधक एसपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर वाटर स्प्रिंकल को रवाना किया।
प्रदूषण के खिलाफ जंग में प्राधिकरण की तरफ से सीएसआर के तहत एक निजी कंपनी ने नोएडा प्राधिकरण को ट्रक माउंटेड वाटर स्प्रिंकल दिया है। ये ट्रक एक स्थान पर नहीं बल्कि शहर की सडक़ों पर दौड़ते हुए प्रदूषण पर पानी का छिडक़ाव करेगा। यह मशीन पूरी तरह से ऑटोमैटिक है जिसमें एक बार में 7000 लीटर पानी भरा जा सकता है। एक बार में ये सात किमी तक एरिया को कवर कर सकता है इसे एक बार फिर रिफिल करना होगा।
डीजीएम एसपी सिंह ने बताया कि 1 अक्टूबर से इस मशीन को नोएडा की सडक़ों पर दौड़ा या जाएगा। ये मशीन जीपीएस ट्रैकर से लैस है। इसे प्राधिकरण के ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ा जाएगा। ताकि इसके लाइव मॉनिटरिंग की जा सके। इसके अलावा नोएडा में लगी सभी स्मॉग गन को शुरू किया जाएगा। ताकि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।