
Noida News : नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डा. लोकेश एम ने मंगलवार को नोएडा के सेक्टर-19 स्थित प्राधिकरण कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। सीईओ के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक नदारद मिले। जिन्हें कारण बताओ नेाटिस जारी किया गया है।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम ने नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-19 स्थित कार्यालय के वर्क सर्किल-2, 3, 4 एवं 8 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वर्क सर्किल में कोई सहायक प्रबंधक एवं प्रबंधक कार्यालय में मौजूद नहीं था। सीईओ ने नदारद अधिकारियों के बारे में पूछा तो पता चला कि अधिकारी साइट का निरीक्षण करने गये हैं। वर्क सर्किल में मौजूद वरिष्ठ प्रबंधक भी सीईओ के सामने निरीक्षण का ब्यौरा व दस्तावेज नहीं रख पाए।
सीईओ ने निरीक्षण के दौरान जब मूवमेंट रजिस्टर मांगा तो पता चला कि कोई रजिस्टार बनाया ही नहीं गया है। कार्यालय के पत्रावलियों का रखरखाव ठीक नहीं था। पूरी बिल्डिंग अस्त-व्यस्त थी। वर्क सर्किल के किसी भी वरिष्ठ प्रबंधक के कार्यालय में योजनाओं से संबंधित बोर्ड भी नहीं लगा था। साथ ही समीक्षा बैठकों में दिये गये निर्देशों का पालन भी नहीं हो रहा था।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम ने नोएडा के सेक्टर-19 स्थित कार्यालय का निरीक्षण 12 बजे के बाद किया। इस दौरान वर्क सर्किल-4 एवं 8 के वरिष्ठ प्रबंधक कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। न ही किसी कर्मचारी को उनके बारे में कुछ पता था। अधिकारियों के इस रवैये से नाराज सीईओ ने वर्क सर्किल- 8 के वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा। वहीं वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक को भी कड़ी चेतावनी दी।