
Noida News : (चेतना मंच)। उद्घाटन के कई माह बाद भी सेक्टर-82 में करोड़ों की लागत से बना सिटी बस टर्मिनल संचालन की बाट जोह रहा है। अभी तक नोएडा प्राधिकरण संचालन करने वाली कंपनी का चयन तक नहीं कर पायी है। अब प्राधिकरण के अधिकारी जून-जुलाई तक कंपनी के चयन की बात कह रहे हैं।
नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि जून अंत या जुलाई में कंपनी का चयन कर लिए जाने की उम्मीद है। इससे पहले प्राधिकरण एक बार टेंडर प्रस्ताव जारी कर एजेंसियों से आवेदन मांग चुका है। दो बार प्री-बिड मीटिंग भी हो चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि सिटी बस टर्मिनल को तीन भाग में बांट कर संचालन करवाने की योजना है। इसमें ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर और सेकेंड फ्लोर शामिल है। ग्राउंड फ्लोर पर बस संचालन का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार है। इसमें बुकिंग सेंटर, ऑफिस, टॉइलेट, शॉपिंग सेंटर, पुलिस पोस्ट, वेटिंग एरिया, फूड कोर्ट, बस रिपेयर एरिया, बस पार्किंग स्पेस व सरफेस कार पार्किंग है। फर्स्ट फ्लोर पर दुकानें फूड कोर्ट लाइब्रेरी है।
वहीं सेकेंड फ्लोर पर यात्री निवास, साइबर कैफे, सिक्योरिटी एरिया, वेटिंग एरिया व कॉरीडोर है। प्रस्ताव को देखते हुए परिवहन सेवाएं ग्राउंड फ्लोर से चलनी हैं। इसके लिए प्राधिकरण ने आवेदन करने वाली एजेंसी का अनुभव 12 बस और 50 कार जिनका संचालन एनसीआर एरिया से हो रहा है उसका अनुभव मांगा है। ऐसे में आने वाले दिनों में बस टर्मिनल से प्राइवेट बसों व कार सेवा का भी संचालन होगा।
आपको बता दें कि करोड़ों रूपये खर्च करके सिटी बस टर्मिनल बनाया गया था ताकि लोगों को सहूलियत मिल सके, लेकिन अभी तक संचालन शुरू नहीं हो पाया है।