
Noida News (चेतना मंच)। इस दीपावली पर भी नोएडा शहर किसी सजी-धजी दुल्हन सरीखा नजर आ रहा है। रात में रंग-बिरंगी लाइटों से नोएडा की छठा देखते ही बनती है। नोएडा प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग ने शहर को रंग-बिरंगी लाइटों से सराबोर कर दिया है।
दिल्ली से नोएडा में प्रवेश करते ही रात में प्रवेश द्वार की छटा देखते ही बनती है। फसाड व रंग-बिरंगी लाइटों से सजा प्रवेश द्वार भव्य नजर आता है। इसी तरह नोएडा के सभी प्रमुख चौराहों, एलीवेटिड रोड, अंडरपास पर लगी तिरंगी लाइटें व भव्य सजावट देखकर ऐसे लगता है कि हम विदेश के किसी सुंदर शहर में हैं।
शहर को सुंदर तथा रंग-बिरंगी लाइटों से सजाने की पहल नोएडा प्राधिकरण की पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी सीईओ रितु माहेश्वरी ने की थी। जिसे न सिर्फ शहरवासियों बल्कि बाहरी लोगों ने भी काफी सराहा था। अब उनके बाद नये सीईओ डा. लोकेश एम ने भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सफाई तथा सुंदरता पर विशेष ध्यान देना शुरू कर दिया है। जिसका परिणाम इस दीपावली के पूर्व ही नजर आ रहा है। नोएडा को सुंदर बनाने में जनस्वास्थ्य, सिविल, उद्यान, विद्युत एवं यांत्रिकी जल एवं सीवर समेत सभी विभागों की मेहनत तथा योगदान काफी सराहा जा रहा है।