
नोएडा न्यूज लाइव : यदि आप नोएडा, ग्रेटर नोएडा अथवा दिल्ली एनसीआर में निवास करते हैं तो आज आपको घर से बाहर निकलने से पहले सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि बुधवार को दिल्ली एनसीआर की हवा आज बेहद की खराब रह सकती है, जिससे सांस संबंधी रोग होने की संभावना बन सकती है। संभावना जताई जा रही है कि हवाओं की दिशाएं उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम से बदलकर सिर्फ उत्तर-पश्चिम हो सकती है। गति भी घटकर 12 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है।
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के अनुसार, बुधवार को प्रदूषण सूचकांक बढ़कर 200 पार जा सकता है, जो खराब श्रेणी रहेगी। प्रदूषण सूचकांक में बढ़ोत्तरी होने से दिल्ली एनसीआर और नोएडा की आबोहवा खराब रह सकती है। हवा गुणवत्ता खराब होने के कारण सांस के रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
आपको बता दें कि मंगलवार को देश की राजधानी दिल्ली में 16 किमी. की गति से हवाएं चली थी। हल्की हवाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में मामूली बढ़त दर्ज की गई। भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के अनुसार हवाओं के रुख में आए मामूली बदलाव के कारण मंगलवार को दिल्ली के प्रदूषण सूचकांक में मामूली बढ़त हुई। सोमवार को दिल्ली का प्रदूषण सूचकांक 175 दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को बढ़कर 180 हो गया, जोकि मध्यम स्तर है।
आपको यह भी बता दें कि वायु गुणवत्ता के मामले में यूपी का ग्रेटर नोएडा शहर बेहद गंभीर स्थिति में है। पिछले एक सप्ताह के दौरान ग्रेटर नोएडा देश का सबसे प्रदूषित शहर रह चुका है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, मंगलवार को नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक 151 रिकार्ड किया गया। इस अर्थ कि ग्रेटर नोएडा की अपेक्षा नोएडा की हवा स्थिति सुधरी है।