
Noida News : सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधा और व्यवस्था को लेकर यूपी की योगी सरकार द्वारा चलाई जा रही कायाकल्प योजना में नोएडा का सरकारी जिला अस्पताल शामिल तो हो गया, लेकिन टॉप 10 में अपनी जगह नहीं बना सका। कायाकल्प योजना 2022 में नोएडा के जिला अस्पताल को सांत्वना पुरस्कार ही प्राप्त हो सका है। अब वर्ष 2023 में जिला अस्पताल को यूपी में नंबर वन बनने की उम्मीद है। इसके लिए शनिवार को निरीक्षण करने पहुंची टीम अस्पताल में आए बदलाव से संतुष्ट दिखी।
आपको बता दें कि कायाकल्प योजना के तहत निरीक्षण करने के लिए शनिवार को यूपी की राजधानी लखनऊ से आई राज्य स्तरीय टीम ने जिला अस्पताल परिसर का सुबह से लेकर शाम तक निरीक्षण किया। इसमें करीब 600 बिंदुओं पर तैयार चेकलिस्ट से टीम ने परिसर का निरीक्षण किया।
लखनऊ से आई इस टीम में शामिल चिकिसकों एवं अन्य अधिकारियों ने जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों के इलाज की प्रक्रिया से लेकर सफाई, लावारिस जानवरों की मौजूदगी, लैंडस्केपिंग, मरीजों की भर्ती के लिए वार्ड, जांच सुविधाएं, इमरजेंसी सुविधाएं और चिकित्सकीय स्टाफ की प्रतिक्रिया, एंबुलेंस सुविधा, अस्पताल के मेडिकल स्टोर में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ का मरीजों के लिए व्यवहार जैसे बिंदुओं को परखा गया। निरीक्षण टीम में डॉ. विभोर, डॉ. शोएब, डॉ. अपूर्वा शामिल रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रेनू अग्रवाल व अन्य डॉक्टरों से भी टीम ने जानकारी ली।
कायाकल्प की टीम के निरीक्षण के समय अस्पताल की रंगत निखरी हुई नजर आई। जिला अस्पताल में वाहनों की पार्किंग से लेकर मरीजों के इलाज तक में सबकुछ ठीकठाक दिखा। टीबी के मरीजों की जांच और परामर्श अब ओपीडी परिसर के बाहर जन औषधि केेंद्र की जगह होने लगी है। मैटरनिटी विंग में अतिरिक्त जगह बनाई गई है। बच्चों को वैक्सीनेशन अब तीसरे तल की जगह ओपीडी में ही भूतल पर कराया जा रहा है। अस्पताल के प्रवेश द्वार पर लैंडस्केपिंग खूबसूरत बनाई गई है। अस्पताल परिसर में सफाई भी सामान्य दिनों की तुलना में बेहतर दिखी। सुरक्षा गार्ड भी ड्यूटी पर चौकन्ने नजर आए।