
Noida News : यूपी का हाईटेक शहर नोएडा और ग्रेटर नोएडा अशांत नजर आ रहा है। कहीं पर बीवी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने ही पति की धुनाई कर दी तो कहीं पर पति ने अपनी बीवी की पिटाई की। मारपीट की ये वारदातें यहीं पर नहीं थमी। मुकदमा वापस न लेने पर दबंगों ने एक व्यक्ति को मारपीट कर अधमरा कर दिया तो सीएनजी पंप पर भी दंपत्ति से मारपीट की गई।
थाना बिसरख में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ घर में जबरन घुस कर गाली गलौज व मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के होम्स फ्रेंड्स एनक्लेव शाहबेरी निवासी एक महिला ने अपने पति मृत्युंजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि उसका पति किसी अन्य महिला के साथ अलग रहता है और वह दो बच्चों को लेकर अकेली रह रही है। गत 12 जुलाई को उसका पति मृत्युंजय घर पहुंचा। इस पर उसने मृत्युंजय को घर में घुसने से साफ मना कर दिया। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी और जमकर मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
थाना बिसरख में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी सहित 8 लोगों के खिलाफ मारपीट करने व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। तनु सिंह ने बताया कि उसका अपनी पत्नी निशा से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के कारण वह होटल में रुका हुआ था। शाम के समय निशा ने उसे धोखे से बुला लिया। निशा के साथ मौजूद निजामुल, नरेश, शबनूर, समीम सिमरन तथा दो अन्य लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित के मुताबिक वारदात में शामिल निजामुल शातिर अपराधी है और हत्या के मामले में जेल भी जा चुका है।
थाना जेवर में दर्ज कराए गए मुकदमे में ग्राम औरंग थाना खुर्जा बुलंदशहर निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि विगत दिनों किसी आवश्यक काम से जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में अमन वाटिका कॉलोनी जहांगीरपुर के पास विनोद पुत्र हरपाल व विष्णु पुत्र अर्जुन निवासी रावण कॉलोनी, जहांगीरपुर ने जबरन रोक लिया। विनोद व विष्णु ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
इस दौरान मौके पर लोगों के आने के कारण आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि उसने गत दिनों थाना जहांगीरपुर में दोनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों आरोपी इसी मुकदमे को वापस लेने के लिए उस पर तरह तरह का दबाव बना रहे हैं। उसने जब मुकदमा वापस लेने से इंकार कर दिया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। थाना जेवर प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीएनजी पहले भरवाने के विवाद में कार सवार युवकों ने दंपत्ति के साथ मारपीट की। मारपीट में युवक का हाथ टूट गया जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। पीड़ित ने थाना बिसरख में अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कडकडड़ूमा दिल्ली निवासी नरेंद्र सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह गौर सिटी के पंप पर अपनी गाड़ी में सीएनजी भरवाने के लिए लाइन में लगा हुआ था। इस दौरान पीछे से कार में आए दो युवकों ने अपनी कार उनके आगे लगाने का प्रयास किया। उन्होंने जब इस बात का विरोध किया तो युवकों ने उनकी कार में टक्कर मार दी और गाली गलौज करने लगे। नरेंद्र सिंह का आरोप है कि गाली गलौज का जब उन्होंने व उनकी पत्नी रेशमा देवी ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। नरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया मारपीट की इस घटना में उनके हाथ की हड्डी टूट गई है।
नोएडा के थाना सेक्टर-113 में एक युवक ने अपने पड़ोसी के साथ गाली गलौज कर मारपीट की विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। सेक्टर-78 अंतरिक्ष गोल्फ व्यू निवासी सौभाग्य रंजन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह दिन हो सोसाइटी के बी टावर के सामने खड़े होकर जल भराव का जायजा ले रहा था। इस दौरान उसके पड़ोस में रहने वाला शिवमोहन उसके पास पहुंचा और गाली गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए। मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया जिसके बाद शिव मोहन भारद्वाज ने कहा कि वह उसे घर से उठवा कर उसकी हत्या करा देगा। पीड़ित का आरोप है कि पूर्व में भी आरोपी उससे हत्या की धमकी दे चुका है इस मामले में उसके खिलाफ पूर्व में भी उसने मुकदमा दर्ज कराया था। Noida News