नोएडा में बुजुर्ग महिला को 'डिजिटल अरेस्ट' में रखकर 44 लाख की ठगी, आतंकी फंडिंग का डर दिखाया
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 01:48 AM
नोएडा में साइबर अपराधियों ने 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट में रखकर 44 लाख रुपये की ठगी कर डाली। नोएडा में जालसाजों ने खुद को मोबाइल कंपनी कर्मचारी और मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर महिला को धमकाया और 23 दिनों तक उसकी हर गतिविधि पर नजर रखते हुए बैंक खातों से मोटी रकम ट्रांसफर करवा ली। Noida News :
खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का एसीपी बताकर की ठगी
घटना की शुरुआत 18 जुलाई को हुई, जब एक कॉलर ने खुद को एयरटेल कर्मचारी बताकर महिला को जानकारी दी कि उनका नंबर मुंबई के भायखला में इस्तेमाल हो रहा है। इसके बाद एक व्यक्ति ने वीडियो कॉल कर खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का एसीपी बताया और आरोप लगाया कि महिला के नाम से चार फर्जी बैंक खाते खोले गए हैं, जिनका इस्तेमाल आतंकी फंडिंग, हवाला और ड्रग्स तस्करी में किया गया है।
धमकी और डिजिटल अरेस्ट
महिला को चेतावनी दी गई कि उनका नाम पहलगाम आतंकी हमले की फंडिंग से जोड़ा गया है और सहयोग न करने पर जेल जाना पड़ सकता है। इसके बाद ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट में रख दिया। महिला को घर से बाहर निकलने या किसी से संपर्क करने की अनुमति नहीं थी, जबकि वीडियो कॉल पर उनकी लगातार निगरानी की जाती रही।
44 लाख की ठगी
ठगों ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होते ही रकम लौटा दी जाएगी। इस झांसे में आकर महिला ने आठ बार में करीब 44 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब आरोपियों ने लोन लेकर और पैसे भेजने का दबाव बनाना शुरू किया, तब पीड़िता को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। मामले की शिकायत नोएडा साइबर क्राइम थाने में दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठगों द्वारा ट्रांसफर की गई रकम गुजरात और महाराष्ट्र के बैंक खातों में गई है। फिलहाल पुलिस गिरोह की तलाश में जुटी हुई है। Noida News