
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में अनेक लोग भारतीय जनता पार्टी BJP के नेता बनने की लाइन में लगे हुए हैं। दरअसल, यहां BJP की नई कार्यकारियों (जिला कमेटी) का गठन होना है। ऐसे में भाजपा को समर्पित कार्यकर्ता तो नोएडा महानगर तथा ग्रेटर नोएडा (जिला कमेटी) की कार्यकारिणी में पदाधिकारी बनना चाहते ही हैं, साथ ही अनेक ''धंधेबाज'' किस्म के लोग भी BJP नेता बनने की लाइन में लगे हुए हैं।
आपको बता दें कि बीजेपी ने संगठन की दृष्टि से गौतमबुद्धनगर जिले को दो भागों में बांट रखा है। एक भाग का नाम नोएडा महानगर है तथा दूसरे भाग का नाम गौतमबुद्धनगर जिला है। नोएडा महानगर में BJP के पुराने अध्यक्ष मनोज गुप्ता को एक बार फिर से BJP का नोएडा महानगर का अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने नए चेहरे के रुप में गजेंद्र सिंह मावी को बीजेपी गौतमबुद्धनगर का अध्यक्ष बनाया है। नोएडा तथा गौतमबुद्धनगर दोनों ही स्थाों पर बीजेपी की नई कार्यकारिणी का गठन होना है। यह गठन अपनी पार्टी के बड़े नेताओं की सलाह पर मनोज गुप्ता तथा गजेंद्र मावी को ही करना है। यहीं पर बड़ा पेंच फंसा हुआ है।
आपको पता ही है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश तथा केंद्र की सत्ता पर कायम है। यह भी संभावना हे कि लंबे अंर्से तक बीजेपी ही देश तथा प्रदेश में राज करने वाली है। इसी बात का फायदा उठाकर कुछ ''धंधेबाज'' किस्म के लोग बीजेपी की कार्यकारिणी में पदाधिकारी बनकर खूब फायदा कमाना चाहते हैं। BJP से लेकर नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा के तमाम राजनीतिक हल्कों में इस बात की खूब चर्चा हो रही है कि बीजेपी में पदाधिकारी बनने के लिए सिफारिश से लेकर ''सूटकेस'' तक का दौर चल रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि नोएडा महानगर के BJP के अध्यक्ष मनोज गुप्ता अनुभवी राजनेता हैं। उनकी नोएडा महानगर कमेटी में किसी ''धंधेबाज'' को पद मिलना मुश्किल है। अब विश्लेषकों का साफ मत है कि BJP के गौतमबुद्धनगर जिले के अध्यक्ष गजेंद्र मावी नौसिखिया नेता है। ऊपर से उन्हें खास ''तिकड़म'' के तहत BJP का अध्यक्ष पद मिला है। ऐसे में उनकी कमेटी में ''धंधेबाज'' आसानी से फिट हो सकते हैं। गजेंद्र मावी से पहले अध्यक्ष विजय भाटी की कमेटी में भी कुछ ''धंधेबाज'' फिट हो गए थे।
बताया जा रहा है कि सरकारी विभागों में ''ठेकेदारी'' करने वाले, खनन का अवैध कारोबार चलाने वाले, डरा धमका कर ''अवैध वसूली'' करने की चाहत रखने वाले तथा बीजेपी के पद पर अपनी ''दादागिरी'' चमका कर समाज में भौकाल मचाने की इच्छा रखने वाले अनेक युवक इन दिनों BJP में नेता बनने के जुगाड़ में लगे हुए हैं। इस जुगाड़ में लगे हुए लोगों में ''ठेकेदारी'' करने वालों की संख्या अधिक बताई जा रही है।