
Noida News : नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा मेट्रो ट्रेन चलाने वाली कंपनी नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) पूरे 9 वर्ष की हो गयी है। सोमवार को नोएडा के सेक्टर-29 में स्थित NMRC के दफ्तर में कंपनी का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण CEO तथा NMRC में MD डा. लोकेश कुमार एम. ने एक्वा मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
आपको बता दें कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा को सुलभ यातायात से जोडऩे के लिए 5 नवंबर 2014 को NMRC की स्थापना की गयी थी। इसी कंपनी के प्रयास से 25 जून 2019 को नोएडा व ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा मेट्रो रेल का संचालन शुरू किया गया था। एक्वा मेट्रो रेल नोएडा के सेक्टर-51 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी स्थित डिपो स्टेशन तक चलाई जाती है। जल्द ही एक्वा मेट्रो को नोएडा के सेक्टर-37 में स्थित बॉटेनिकल गार्डन तथा ग्रेटर नोएडा वेस्ट से जोडऩे की योजना है।
नोएडा व ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा मेट्रो ट्रेन प्रतिदिन औसत 52 हजार यात्री सफर करते हैं। मेट्रो ट्रेन चलाने तथा इसके रखरखाव पर होने वाले खर्च में तथा यात्रियों से होने वाली आमदमी में बड़ा अंदर है। इस अंतर के कारण एक्वा मेट्रो का संचालन घाटे में किया जा रहा है। NMRC के स्थापना दिवस पर सोमवार को कंपनी के MD डा. लोकेश कुमार एम ने NMRC के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में एक्वा मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ाने, ट्रेन के लिए नए रूट तलाश करने उन पर मेट्रो ट्रेन चलाने तथा NMRC को वर्तमान में हो रहे घाटे से निकालने पर विचार विमर्श हुआ।
बैठक में सबसे अधिक जोर इस बात पर दिया गया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए जल्दी से जल्दी मेट्रो ट्रेन चलाने की व्यवस्था की जाए। इसके लिए भारत सरकार से जो भी अनुमति लेनी है उसे जल्दी प्राप्त किया जाए तथा नोएडा के सेक्टर-51 से एक्वा लाइन को ग्रेटर नोएडा वेस्ट से जोडऩे के साथ ही सीधे दिल्ली मेट्रो रेल के नेटवर्क से जोड़ा जाए। बैठक में एक्वा मेट्रो रेल की लाइन को नोएडा के बॉटेनिकल गार्डन से जोडऩे के भी सारे उपाय करने पर चर्चा हुई।