
Noida News : पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर थाना सेक्टर 39 पुलिस ने कई स्थानों पर डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के तहत 5 डग्गामार वाहनों को सीज तथा 15 गाडियों का ई चालान किया गया।
शुक्रवार को थाना सेक्टर 39 पुलिस ने बोटैनिकल गार्डन, सेक्टर 37 के आसपास अभियान चला कर डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर पांच गाड़ियों को सीज किया गया और 15 के खिलाफ ई चालान की कार्रवाई की गई। कमिश्नरेट के मीडिया सेल प्रभारी ने बताया कि पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले डग्गामार वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा।
आपको बता दें कि गत दिनों सोशल मीडिया पर डग्गामार वाहन चालकों से पैसे वसूले जाने की एक वीडियो वायरल हुई थी। इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही थी। हालांकि कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने बयान जारी कर इस वीडियो को करीब डेढ़ साल पुराना बताया था। वायरल वीडियो की उच्च अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।
नोएडा के थाना फेस 2 पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से विभिन्न सोसायटी व कंस्ट्रक्शन साइट से चोरी किया गया सरिया तथा दो चाकू बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर 93 स्थित सिल्वर सोसायटी के पास से सलीम पुत्र नवाब व रोहित पुत्र किशन लाल यादव को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सरिया के 52 टुकड़े तथा दो चाकू बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सेक्टर 93 स्थित की अलग-अलग सोसाइटियों और कंस्ट्रक्शन साइट से इन सरियों को चोरी किया है। चोरी की वारदात के दौरान लोगों को डराने के लिए वह अपने पास चाकू भी रखते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इन्हें न्यायालय में पेश किया है। Noida News