
Noida News : उत्तर प्रदेश की नोएडा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी के तहत नोएडा के विभिन्न थानों की पुलिस ने एक ही रात में दर्जनभर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के कब्जे से चोरी का मोबाइल, लैपटॉप आदि सामान बरामद किया है। पकड़े गए सभी बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने चोरी के दो मोबाइल फोन व चाकू सहित बदमाश को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सोरखा गेट के सामने एफएमजी रोड से रितिक उर्फ प्रवेश पुत्र अरुण कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन व चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में रितिक ने बताया कि उसने अपने साथी आफताब के साथ मिलकर करीब दो माह पूर्व सोरखा में एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने यहां से 41000 रुपए, 4 मोबाइल फोन, हाथ घड़ी व अन्य सामान चोरी किया था। पकड़े गए आरोपों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने एप्सन इंक कंपनी की सूचना पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है इसके पास से एप्सन इंक की नकली बोतल बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आईपी आर्गोस आई कंपनी के मैनेजर रिशु मिश्रा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उन्हें कंपनी की तरफ से एप्सन के उत्पादकों की जानकारी देते हुए पावर पावर ऑफ अटॉर्नी दी गई है।
उन्हें सूचना मिली कि ईएसआई अस्पताल के पास एक व्यक्ति नकली एप्सन इंक की बोतल लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी पुलिस के सहयोग से ईएसआईएस अस्पताल के पास से तरुण कुमार पुत्र शिवकुमार गुप्ता निवासी शाहदरा दिल्ली को गिरफ्तार किया गया इसके पास से नकली 205 बोतल बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह साधारण इंक पर एप्सन कंपनी का स्टिकर लगाकर उसे बाजार में बेचता है।
नोएडा के थाना सेक्टर-49 पुलिस ने झपटमार गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से झपटमारी में प्रयुक्त होने वाली दो बाइक, तमंचा, पांच चाकू व लूटे गए 6 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पकड़े गए तीन लुटेरे डिलीवरी ब्वॉय का भी काम करते हैं। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि अभिषेक, अनूप, प्रिंस उर्फ राजा, अविनाश कुमार, रोहित व अरुण को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी में उनके पास से एक तमंचा, पांच चाकू व लूट गए 6 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह सुनसान स्थान पर लोगों को अकेला देखकर हथियारों के बल पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। इसके अलावा वह बाइक के जरिए मोबाइल व चेन झपटमारी की घटनाए करते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने लूट व झपटमारी की दर्जन भर से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इनके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।
नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने दो शातिर मोबाइल लुटेरे को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की बाइक चाकू व लूटे गए 11 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने कंचनजंगा मार्केट के पास चैकिंग के दौरान बाइक पर आ रहे दो युवकों को जांच के लिए रोका। पुलिस के मांगने पर दोनों युवक कागजात नहीं दिखा पाए। संदेह के आधार पर ली गई तलाशी में उनके पास से एक चाकू , 11 मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनुज पुत्र किशन व राहुल पुत्र बृजभूषण निवासी बरौला बताते हुए स्वीकार किया कि उक्त मोबाइल फोन लुटे हुए हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि बरामद बाइक भी चोरी की है। वह चोरी की बाइक पर सवार होकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। पकड़े गए अनुज पर पांच तथा राहुल पर सात मुकदमे पूर्व में पंजीकृत हैं।