
Noida News : थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) टीम अपनों से बिछड़े लोगों को मिलाने का सराहनीय कार्य कर रही है। एएचटीयू टीम ने शैल्टर होम में रह रही लड़की को उसके परिजनों से मिलाया। उक्त लड़की को थाना दादरी पुलिस द्वारा गत दिनों शेल्टर होम में भर्ती कराया था।
एएचटीयू टीम ने सेक्टर 34 स्थित अपना घर आश्रम में जाकर एक लड़की की काउन्सलिंग की। काउंसलिंग के दौरान टीम को पता चला कि थाना दादरी पुलिस द्वारा उक्त लड़की को अपना घर आश्रम में लाया गया था। लड़की थाना दादरी क्षेत्र में लावारिस हालत में घूमती मिली थी और काफी डरी हुई थी। शुरुआत में लड़की पुलिस को अपना पता नहीं बता पाई थी।
कुछ दिन बाद लड़की की स्थिति सामान्य होने पर एएचटीयू टीम ने लड़की की काउन्सलिंग की तो लड़की ने अपने भाई का फोन नम्बर दिया। उस नंबर पर फोन करने पर लड़की के भाई से बात हुई। लड़की के भाई ने थाना भागलपुर क्षेत्र के छपरोला में रहने वाले अपनी माँ से बात करायी।
लड़की की माँ ने बताया गया कि उसकी लड़की बिना बताये कई महीने पहले घर से निकल गयी थी। परिजनों ने काफी ढूँढा लेकिन उसका कोई पता नही चला सका। थाना एएचटीयू टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त महिला सुरक्षा व सीडब्लूसी के आदेशानुसार लड़की को उसकी माँ के सुपुर्द कर दिया। लड़की को सकुशल पाकर उसकी माता व परिजनों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया। Noida News