
सार
नोएडा के सेक्टर 18 मार्किट की पार्किंग की चौकीदारी करने वाले एक गरीब आदमी व उसकी पत्नी के लिए नोएडा पुलिस ''फरिश्ता'' साबित हुई। इस नेक काम में नोएडा के सेक्टर 34 में स्थित अपना घर आश्रम ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
विस्तार
Noida News : आपको बता दें कि नोएडा कमिश्नरी पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एएचटीयू ने नोएडा के सेक्टर 34 स्थित अपना घर आश्रम में एक महिला की काउंसलिंग की। इस महिला को थाना विजयनगर गाजियाबाद पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन के पास से रेस्क्यू कर अपना घर आश्रम लाया गया था। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
काउंसलिंग के दौरान महिला ने बताया कि वह नोएडा में आकाश चौधरी के मकान में अपने पति के साथ रहती थी। टीम ने महिला द्वारा बताए गए पते पर पहुंचकर उसकी पहचान कराई तो पता चला कि उसका पति सेक्टर 18 की पार्किंग में रहता है।
एएचटीयू की टीम ने महिला के पति से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह पिछले 26 वर्षों से नोएडा में रहकर चौकीदारी का काम कर रहा है। उसकी पत्नी करीब एक साल पहले बिना बताए घर से चली गई थी। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसने अपनी पत्नी की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। एएचटीयू की टीम ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उसके पति के सुपुर्द कर दिया। पत्नी के सकुशल मिलने पर उसके पति ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है। Noida News