
Noida News (गौतमबुद्धनगर) की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह लगातार गुंडे माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही कर रही हैं। नोएडा पुलिस कमिश्नर गुंडे माफियाओं द्वारा अवैध रुप से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क कर उनकी आर्थिक रीढ़ को तोड़ रही है। अब नोएडा पुलिस कमिश्नर का हंटर दो शातिर बदमाशों पर चला है जो गैंगस्टर की धाराओं में निरुद्ध हैं।
नोएडा (गौतमबुद्धनगर) पुलिस आयुक्त न्यायालय द्वारा 14 (1) गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही करते हुए गैंगस्टर नरेश तेवतिया पुत्र गजेंद्र सिंह उर्फ बिजेंद्र निवासी गांव वीरपुर थारा जारचा तथा रियान उर्फ मोना पुत्र मुस्ताक उर्फ मुस्तफा निवासी कमालपुर थाना कोतवाली देहात जिला बुलंदशहर की एक करोड़ रुपये से अधिक की चल अचल संपत्ति को कुर्क किया गया है।
पुलिस कमिश्नर के आदेश पर गैंगस्टर नरेश तेवतिया की ग्राम वीरपुर में स्थित भवन व भूमि को कुर्क किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड 07 लाख 85 हजार 200 रुपये है। जबकि गैंगस्टर रियान उर्फ मोना की केटीएम मोटर साइकिल को जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये है।
अपराधियों व माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए नोएडा (गौतमबुद्धनगर) की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इससे पूर्व भी वह कई शातिर बदमाशों की संपत्ति को कुर्क करा चुकी है।